खरगोन। कसरावद थाना क्षेत्र अंतर्गत खरगोन-इंदौर रोड पर सक्षम ढाबे के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां बाइक सवार को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसे में मृतक की पहचान कुंदन भूरिया, निवासी भोइंदा के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक दीपक भूरिया, निवासी भोइंदा बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही कसरावद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल पुलिस वाहन से शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है। हादसे के बाद से क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।