अशोकनगर। जिले में सर्दी ने अचानक तीखा रूप ले लिया है। सुबह 10 बजे तक सूरज नहीं निकलने से शीत लहर ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। घने कोहरे के कारण शहर और हाईवे दोनों जगह दृश्यता बेहद कम हो गई।
शहर के बीचों-बीच सड़कों पर दृश्यता घटकर 50 मीटर से भी कम रह गई, जबकि हाईवे पर 20 मीटर आगे कुछ भी नजर नहीं आया। कोहरे के चलते वाहन रेंगते हुए नजर आए और यातायात व्यवस्था प्रभावित रही।
कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के कारण बाजार समय से पहले बंद होने लगे। शाम ढलते ही हालात ऐसे रहे कि रात आठ बजे तक सड़कों पर सन्नाटा पसर गया।
ठंड के प्रकोप से बचने के लिए लोग जगह-जगह अलाव जलाते और हीटर का सहारा लेते नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक शीत लहर और कोहरे का असर बना रह सकता है।