नीमच। जिले के मनासा तहसील के रामपुरा नाका क्षेत्र की रहने वाली महिला मांगीबाई पति लेखराज ने अपनी कृषि भूमि पर अवैध कब्जे और जान से मारने की धमकियों से परेशान होकर सोमवार को नीमच कलेक्टर कार्यालय में आवेदन दिया। पीड़िता ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।मांगीबाई ने बताया कि हासपुर रोड स्थित उसकी कृषि भूमि शासकीय रिकॉर्ड में उसके नाम दर्ज है, इसके बावजूद कुछ लोगों द्वारा जबरन कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। आरोप है कि विपक्षीगण आए दिन गाली-गलौच करते हैं और जमीन छोड़ने का दबाव बनाते हुए गोली मारने की धमकी दे रहे हैं। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसकी लगभग साढ़े तीन बीघा भूमि फर्जी तरीके से अन्य नामों पर दर्ज करवा दी गई है।पीड़िता ने कहा कि पूर्व में दिए गए आवेदनों पर कोई कार्रवाई नहीं होने से वह मानसिक रूप से टूट चुकी है। कलेक्टर कार्यालय में मीडिया से चर्चा के दौरान मांगीबाई ने चौंकाने वाला दावा किया कि वह अत्यधिक तनाव में जहर की शीशी लेकर पहुंची थी, जिसे कक्ष के बाहर वहां मौजूद अधिकारियों और पुलिस ने जब्त कर लिया।महिला ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।