नीमच। दाऊदी बोहरा समाज के सम्मानित समाजसेवी एवं प्रतिष्ठित व्यापारी हकीमुद्दीन भाई राणा पिता स्व. सैफुद्दीन भाई राणा का 62 वर्ष की आयु में बुधवार शाम इंतकाल हो गया। उन्होंने शाम करीब 7 बजे अमाकीने मोहम्मदिया बोहरा कॉलोनी स्थित अपने निजी निवास पर अंतिम सांस ली। वे कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे।
हकीमुद्दीन भाई राणा के इंतकाल की खबर जैसे ही फैली, पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई। बोहरा समाज ही नहीं, बल्कि व्यावसायिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोग भी गहरे दुःख में डूब गए। वे अपने जीवन भर सादगी, सेवा के मूल्यों को आत्मसात किए रहे। समाज सेवा के कार्यों में उनकी सक्रिय भूमिका, व्यवहार कुशलता और मिलनसार स्वभाव ने उन्हें हर वर्ग में लोकप्रिय बनाया।
वे जरूरतमंदों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहते थे और समाज के सुख-दुःख में बढ़-चढ़कर सहभागी बनते थे।
स्व. हकीमुद्दीन भाई राणा को आज रात 10ः30 बजे बोहरा कब्रिस्तान बुरहानी बाग में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। उनके निधन पर समाजजनों, रिश्तेदारों, मित्रों और शहर के गणमान्य नागरिकों ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है तथा पाक परवरदिगार से दिवंगत आत्मा की मगफिरत और शोक संतप्त परिवार को सब्र, हिम्मत एवं संबल प्रदान करने की दुआ की है।