नीमच। नववर्ष की पहली सुबह से ही नीमच शहर भक्ति, श्रद्धा और उल्लास से सराबोर नजर आया। नए साल में सुख-शांति, स्वास्थ्य एवं समृद्धि की मंगल कामना के साथ हजारों श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचे और भगवान के चरणों में शीश नवाया।
नीमच के प्रसिद्ध बावड़ी वाले बालाजी स्थित श्याम मंदिर में अलसुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। मंदिर को भव्य एवं मनोहारी रूप से सजाया गया। दिल्ली और कोलकाता से मंगाए गए विशेष पुष्पों से बाबा श्याम का दिव्य एवं अलौकिक श्रृंगार किया गया, जिसने भक्तों को विशेष रूप से आकर्षित किया।
भक्ति के इस वातावरण को और अधिक भव्य बनाने के लिए 1 जनवरी को प्राचीन श्याम मंदिर, तिलक मार्ग, नीमच पर खाटू श्याम भजन संध्या का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन को लेकर तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं। मंदिर को खाटू श्याम जी की तर्ज पर भव्य साज-सज्जा से सजाया गया है, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन गायक गोरी शरण (इंदौर), कोमल शर्मा (जयपुर), माया चौहान (मंदसौर) एवं अखिलेश ठाकुर अपनी सुमधुर भजन प्रस्तुतियों से बाबा श्याम को रिझाएंगे।
मंदिर के मुख्य पुजारी एवं आयोजन समिति ने समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे नववर्ष की पावन संध्या पर मंदिर पधारकर बाबा श्याम के दर्शन करें और भजन संध्या का आध्यात्मिक आनंद प्राप्त करें।