नीमच। आज दिनांक 31 दिसंबर को विकास नगर स्थित रामेश्वरलाल धानुका बालिका छात्रावास (सेवा भारती–सेवामंदिर) का वार्षिकोत्सव समारोह गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सेवा भारती मालवा प्रांत सह सेवा प्रमुख नंदकिशोर नागर रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में सेवा भारती अध्यक्ष रवि भाटिया, समाजसेवी जम्बूकुमार जैन, अग्रवाल समाज नीमच के अध्यक्ष ओमप्रकाश बंसल एवं सेवा भारती जिला नीमच के अध्यक्ष ओमप्रकाश अग्रवाल उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां भारती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पूजन के साथ किया गया। अतिथियों का परिचय शिवाजी मित्तल द्वारा कराया गया।
छात्रावास की बालिकाओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। कक्षा 6 की छात्राओं द्वारा “कान्हा सो जा ज़रा” पर सामूहिक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। इसके पश्चात रजिया अहमद द्वारा सेवा भारती एवं सेवा मंदिर का परिचय प्रस्तुत किया गया। छात्रावास अधीक्षिका सरिता कश्यप ने छात्रावास एवं पालक समिति का परिचय कराया।
कक्षा 8 की छात्राओं द्वारा “तुम ही हो माता-पिता” सामूहिक गीत की भावपूर्ण प्रस्तुति दी गई। साथ ही कक्षा 8 की बालिकाओं द्वारा “अभिगिरी नंदन” पर सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया गया। महिला पालक समिति द्वारा भी सामूहिक गीत प्रस्तुत किया गया। पालक समिति की शिवा मित्तल एवं रजिया अहमद द्वारा “मांरा सेवा गीत” प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम में छात्रावास में अध्यापन कार्य करने वाले शिक्षकों सी.के. शर्मा, राधेश्याम शर्मा, बच्चानी कीड़ी, चोके कीठी एवं नारायण सिंह राठौड़ का सम्मान मुख्य अतिथियों द्वारा छात्रावास का प्रतीक चिन्ह भेंट कर किया गया।
साथ ही सतीष चोपड़ा, डॉ. स्वप्निल वधवा एवं अशफाक अहमद का समाज सेवा में योगदान के लिए अभिनंदन कर सम्मान किया गया। इस अवसर पर शिवाजी मित्तल द्वारा सेवा भारती शिक्षण समिति का परिचय भी प्रस्तुत किया गया।
मुख्य उद्बोधन में रवि भाटिया ने कहा कि समाज के वंचित, पीड़ित, शोषित एवं उपेक्षित वर्ग को समरसता के भाव से सक्षम बनाकर ही राष्ट्र को परम वैभव तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सेवा भारती पूरे भारत में प्राकृतिक आपदाओं के समय सेवा कार्यों के लिए सदैव तत्पर रहती है।
भाईसाहब जम्बूकुमार जैन ने बालिकाओं को लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा उनके सर्वांगीण विकास में हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि छात्रावास में मंदसौर विभाग की निर्धन वर्ग की बालिकाओं को कक्षा 6 से 10 तक अध्ययन की सुविधा प्रदान की जा रही है। छात्रावास का उद्देश्य बालिकाओं को शिक्षा के साथ संस्कार एवं सर्वांगीण विकास प्रदान करना है।
इस अवसर पर आरएसएस मालवा प्रांत के सामाजिक समरसता प्रमुख धर्मेंद्र मोर्य, जिला प्रचारक, जिला कार्यवाह, जिला सह कार्यवाह, विभाग सेवा प्रमुख, विभाग पर्यावरण प्रमुख, माननीय जिला संघचालक, जिला सेवा प्रमुख, नगर सेवा प्रमुख एवं मालवा प्रांत सेवा भारती के संगठन मंत्री रविंद्र मालवीय सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन संगीता जारोली द्वारा किया गया एवं अलका गोयल ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन वंदे मातरम् के सामूहिक गान के साथ हुआ। कार्यक्रम में बालिकाओं के अभिभावक एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।