नीमच। शहर के प्रतिष्ठित सराफा व्यवसायी स्व. बहादुर सोनी द्वारा संचालित सत्यम ज्वेलर्स से जुड़े करोड़ों रुपये के निवेश और आभूषणों के मामले ने तूल पकड़ लिया है। बहादुर सोनी के निधन के बाद सैकड़ों निवेशकों और ग्राहकों की जमा पूंजी तथा सोना-चांदी के आभूषण डूबने की आशंका बढ़ गई है।

आज पीड़ित निवेशक नीमच कैंट थाना पहुंचे और थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपते हुए बताया कि उन्होंने अपनी जीवनभर की कमाई, कृषि उपज की राशि, कर्ज लेकर अथवा आभूषण गिरवी रखकर सत्यम ज्वेलर्स में निवेश किया था। शिकायत में रसीद, बिल और मोबाइल रिकॉर्ड सहित दस्तावेजी साक्ष्य भी संलग्न किए गए हैं।

पीड़ितों ने आरोप लगाया कि बहादुर सोनी के निधन के बाद उनके परिजन और व्यवसाय से जुड़े कुछ लोग न तो राशि लौटाने के लिए तैयार हैं और न ही आभूषण देने को। साथ ही आशंका जताई गई है कि दुकान के स्टॉक, बही-खाते और चल-अचल संपत्ति को किसी प्रकार से छिपाया जा सकता है।

निवेशकों ने भारतीय दंड संहिता की धाराओं के तहत आपराधिक विश्वासघात, धोखाधड़ी, षड्यंत्र और सामूहिक अपराध के तहत एफआईआर दर्ज करने, स्टॉक, दस्तावेज व सीसीटीवी फुटेज जब्त करने, सभी संबंधितों की चल-अचल संपत्ति फ्रीज करने और एसआईटी गठित कर निष्पक्ष जांच करने की मांग की है।

इस प्रकरण के सामने आने के बाद शहर में हलचल मची हुई है। पीड़ित परिवारों ने न्याय की शीघ्र प्राप्ति की उम्मीद जताई। इस संबंध में निवेशक थाना प्रभारी निलेश अवस्थी से भी मिले।
