नीमच। शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का सशक्त माध्यम बताते हुए यूट्यूब चैनल “राजवंश क्रिएशन” द्वारा निर्मित शॉर्ट मूवी “मास्टर जी” का पोस्टर गुरुवार, 1 जनवरी को नीमच में भव्य रूप से जारी किया गया। इस अवसर पर आयोजित पत्रकार वार्ता में फिल्म से जुड़े कलाकारों और तकनीकी टीम ने फिल्म की अवधारणा, उद्देश्य और निर्माण प्रक्रिया की जानकारी दी।
शॉर्ट मूवी “मास्टर जी” ग्रामीण बेटियों की शिक्षा को केंद्र में रखकर बनाई गई है। फिल्म में गांवों के गरीब एवं मध्यम वर्गीय परिवारों की सोच, संघर्ष और शिक्षा के प्रति बदलते नजरिए को संवेदनशील और प्रेरक ढंग से प्रस्तुत किया गया है। इसका उद्देश्य समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
फिल्म की शूटिंग नीमच जिले के ग्राम धनेरिया कला में की गई है, जिसमें केवल स्थानीय कलाकारों को अभिनय का अवसर दिया गया है। फिल्म की खास बात यह है कि इसमें जमीन से जुड़े कलाकारों को उनकी प्रतिभा के आधार पर मंच प्रदान किया गया है। 44 मिनट की इस शॉर्ट मूवी में दो प्रभावशाली गीत शामिल हैं, जिनमें एक टाइटल सॉन्ग और एक निर्गुणी भजन है। इनमें से एक गीत स्थानीय मालवी भाषा में तैयार किया गया है। फिल्म का निर्माण लगभग 15 दिनों में पूरा किया गया।
फिल्म के प्रोड्यूसर व डायरेक्टर नीमच निवासी राजेश कुमार सोलंकी हैं, जबकि कहानी और स्क्रीनप्ले एम. चौधरी ने लिखा है। मुख्य भूमिकाओं में कृतिका सोलंकी, आर्यन चौधरी, मीनाक्षी यादव, धर्मेंद्र पाटीदार और हीरालाल सोलंकी नजर आएंगे। सहायक कलाकारों में एस.एन. टेलर, चरण जाट, कोमल जॉन और चांदमल सेन शामिल हैं।
टीम राजवंश क्रिएशन का कहना है कि शिक्षा पर आधारित यह फिल्म दर्शकों के दिलों को छूने के साथ समाज को सकारात्मक संदेश देगी। शॉर्ट मूवी “मास्टर जी” 14 जनवरी, मकर संक्रांति के अवसर पर यूट्यूब चैनल “राजवंश क्रिएशन” पर रिलीज की जाएगी।