नीमच। मध्यप्रदेश के खेल प्रेमियों को जिस प्रतिष्ठित बैडमिंटन प्रतियोगिता का पूरे वर्ष इंतजार रहता है, वह अब शुरू होने जा रही है। स्वर्गीय कश्मीरी लाल जी अरोरा स्मृति राज्य स्तरीय सीनियर राज्य रैंकिंग बैडमिंटन प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ 5 जनवरी 2026 को प्रातः 9 बजे स्थानीय लायंस डेन एवं टाउन हॉल में गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में होगा।
नीमच जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष अरूल अशोक अरोरा एवं सचिव दीपक श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि यह प्रतियोगिता 5 से 9 जनवरी 2026 तक आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में प्रदेश के श्रेष्ठ महिला एवं पुरुष खिलाड़ी अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे। अब तक लगभग 200 खिलाड़ियों की प्रविष्टियां प्राप्त हो चुकी हैं। प्रतियोगिता में विजेताओं को कुल 1 लाख रुपये की पुरस्कार राशि एवं आकर्षक ट्रॉफियां प्रदान की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के चीफ रेफरी ब्रजेश गौड़ (भुसावल, महाराष्ट्र) रहेंगे, जो राष्ट्रीय स्तर के अनुभवी रेफरी हैं। उनके साथ प्रोग्रामर शिशिर खरे एवं 9 सदस्यीय क्वालिफाइड अंपायरों की टीम मौजूद रहेगी।
उल्लेखनीय है कि दीपक श्रीवास्तव स्वयं एक उत्कृष्ट खिलाड़ी हैं तथा मध्यप्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष पद का दायित्व भी संभाल रहे हैं।
एसोसिएशन अध्यक्ष अरूल अरोरा ने बताया कि इस भव्य आयोजन का उद्देश्य नीमच जिले की उभरती प्रतिभाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देना तथा उन्हें उत्कृष्ट खेल की बारीकियां सीखने का अवसर प्रदान करना है। उन्होंने जिले के समस्त खेल प्रेमियों से प्रतियोगिता को सफल बनाने में पूर्ण सहयोग की अपील की।