कुकड़ेश्वर। नगर के प्रसिद्ध जैन तीर्थ स्थल 108 पार्श्वनाथ जिनालय पर आज अभिजीत मुहूर्त में जयकारों के बीच विधि-विधान से धर्म ध्वजा फहराई गई। इसी अवसर पर नगर स्थित सिद्ध चक्र मंदिर एवं आदिनाथ मंदिर पर भी लाभार्थी परिवारों द्वारा धर्म ध्वजा फहराने का पुण्य लाभ प्राप्त किया गया।
पार्श्वनाथ जिनालय पर धर्म ध्वजा फहराने का लाभ सुंदरलाल, समरथलाल एवं मन्नालाल पटवा परिवार को प्राप्त हुआ। वहीं आदिनाथ मंदिर पर सागरमल व शोभागमल पटवा परिवार तथा सिद्ध चक्र मंदिर पर चंदनमल मारु परिवार द्वारा धर्म ध्वजा फहराई गई।
इससे पूर्व 108 पार्श्वनाथ जिनालय से सकल जैन श्री संघ की उपस्थिति में नगर में भव्य ध्वजा शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा ढोल-ढमाकों, बैंड-बाजों एवं जयघोष के साथ चंपा बाजार, रंगारा मंदिर, तम्बोली चौक, सदर बाजार, भटवाड़ा मोहल्ला, मुखर्जी चौक, बस स्टैंड एवं लोहार मोहल्ला होते हुए पुनः जैन मंदिर पहुँची।
शुभ मुहूर्त में विधिकारक संजय जैन एवं सतीश जैन (भाटखेड़ी) द्वारा मंत्रोच्चार एवं पूजन के पश्चात जयकारों के साथ धर्म ध्वजा फहराई गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे तथा संपूर्ण वातावरण भक्तिमय और उल्लासपूर्ण बना रहा।