नीमच। तिलक मार्ग स्थित प्राचीन श्री श्याम मंदिर में नववर्ष का आगमन श्रद्धा और भक्ति के साथ धूमधाम से मनाया गया। गुरुवार को मंदिर परिसर में राजस्थान के प्रसिद्ध खाटू श्याम धाम की तर्ज पर ‘नीमच नरेश’ का भव्य दरबार सजाया गया, जिसे देखने के लिए दिनभर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
दिल्लीदृकोलकाता से मंगाए गए सुगंधित फूल-
बाबा श्याम के शाही श्रृंगार के लिए विशेष रूप से दिल्ली एवं कोलकाता से सुगंधित और आकर्षक फूल मंगवाए गए थे। जैसे ही बाबा का अलौकिक श्रृंगार भक्तों के समक्ष आया, पूरा मंदिर परिसर ‘जय श्री श्याम’ के जयघोष से गूंज उठा।
भजन संध्या में झूमे श्रद्धालु-
नववर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित भजन संध्या में जयपुर की कोमल शर्मा, मंदसौर की माया चौहान, निम्बाहेड़ा के अखिलेश ठाकुर और इंदौर के गौरी शरण ने भावपूर्ण भजनों की प्रस्तुति दी। कड़ाके की ठंड के बावजूद श्रद्धालु देर रात तक पांडाल में उपस्थित रहकर भक्ति रस में डूबे रहे।
अखंड ज्योत के दर्शन कर की मंगलकामना-
देर रात तक चले इस भक्तिमय आयोजन में बड़ी संख्या में श्याम प्रेमियों ने बाबा की अखंड ज्योत के दर्शन किए और नववर्ष में सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर पूरे आयोजन के दौरान भक्ति और उल्लास से सराबोर रहा।