प्रतापगढ़। शहर के मंदसौर रोड स्थित नानेश नगर में एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है। यहां डेढ़ साल का मासूम बच्चा तीसरी मंजिल से नीचे मुंह के बल गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बच्चे को जिला चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उदयपुर रेफर किया गया है।
मासूम की मां काली मीणा ने बताया कि उन्होंने बच्चे को बाथरूम में टॉयलेट करवाने के बाद बाहर छोड़ा और स्वयं हाथ धोने लगीं। इसी दौरान सात वर्षीय बड़ी बहन छत पर पतंग उड़ाने चली गई। मासूम बच्चा भी उसके पीछे-पीछे छत पर पहुंच गया।
छत पर लगे लोहे के एंगल पर चढ़ते समय बच्चे का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे तीसरी मंजिल से नीचे गिर पड़ा। जब मां छत पर पहुंचीं तो बच्चा वहां नहीं मिला। नीचे जाकर देखा तो मासूम गंभीर अवस्था में पड़ा हुआ था।
घटना के तुरंत बाद परिजन बच्चे को जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत नाजुक होने के कारण उसे उदयपुर रेफर किया गया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।