मंदसौर। सीतामऊ की गौरवशाली साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत को समर्पित सीतामऊ साहित्य महोत्सव का भव्य आगाज़ कार्यक्रम दिनांक 6 जनवरी 2026 को शाम 5:30 बजे सेवा कुंज, लदूना में आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन जिले में साहित्य, कला और संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
आगाज़ कार्यक्रम में विधायक हरदीप सिंह डंग एवं कलेक्टर अदिति गर्ग द्वारा आकाशदीप प्रज्वलित कर उसे आकाश में छोड़ा जाएगा, साथ ही भव्य आतिशबाज़ी के माध्यम से महोत्सव का शुभारंभ किया जाएगा। इस अवसर पर सीतामऊ साहित्य महोत्सव के मैस्कट ‘मटरु’ का भी अनावरण किया जाएगा, जो महोत्सव की पहचान और मूल भावना को दर्शाएगा।
महोत्सव के अंतर्गत दोपहर में बच्चों के लिए विशेष बाल मेले का आयोजन भी किया जाएगा। इस मेले में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन करते हुए आकर्षक स्टॉल्स लगाएंगे। बाल मेले में पानीपुरी, फ्रूट चाट, मेहंदी पेंटिंग सहित कई मनोरंजक एवं स्वादिष्ट स्टॉल्स बच्चों द्वारा संचालित किए जाएंगे, जिससे उनमें आत्मनिर्भरता और सहभागिता की भावना विकसित होगी।
सीतामऊ साहित्य महोत्सव का यह आगाज़ कार्यक्रम साहित्य, संस्कृति और सामुदायिक सहभागिता का एक सशक्त मंच सिद्ध होगा, जिसमें बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमी, विद्यार्थी एवं आमजन की सहभागिता रहने की संभावना है।