चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ अर्बन कॉपरेटिव बैंक लिमिटेड के निदेशक मंडल की बैठक बैंक चेयरमैन डॉ. आई.एम. सेठिया की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में जनवरी माह के दौरान बैंक की सभी शाखाओं पर रजत जयंती अर्बन संक्रांति महोत्सव आयोजित करने तथा छोटी सादड़ी में नवीन शाखा खोलने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक को आवेदन प्रस्तुत करने का निर्णय लिया गया।
बैठक बैंक उपाध्यक्ष शिवनारायण मानधना सहित निदेशक मंडल के सदस्य रणजीत सिंह नाहर, बाबरमल मीना, राधेश्याम आमेरिया, कल्याणी दीक्षित, हेमंत शर्मा, राजेश काबरा, दीप्ती डाड सेठिया, सीए नितेश सेठिया एवं प्रबंध निदेशक वंदना वजीरानी की उपस्थिति में संपन्न हुई।
निर्णय के अनुसार, 20 जनवरी को कपासन, 24 जनवरी को बड़ीसादड़ी, 29 जनवरी को प्रतापगढ़, 30 जनवरी को निंबाहेड़ा तथा 31 जनवरी को बेगूं शाखा द्वारा रजत जयंती अर्बन संक्रांति महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इन आयोजनों के माध्यम से वर्तमान ग्राहकों से संपर्क सुदृढ़ करने के साथ-साथ नए ग्राहकों को जोड़कर बैंक व्यवसाय में वृद्धि के प्रयास किए जाएंगे। साथ ही, छोटी सादड़ी में नई शाखा खोलने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक को प्रस्ताव भेजने का भी निर्णय लिया गया।
बैठक में चालू वित्तीय वर्ष में शाखावार लक्ष्य प्राप्ति की समीक्षा, आंतरिक एवं कॉनकरंट ऑडिट, साइबर ऑडिट समीक्षा, प्रधान कार्यालय के नक्शे का अनुमोदन तथा भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा जारी नवीन दिशा-निर्देशों के अनुरूप नीतियों में संशोधन की प्रक्रिया पर विस्तृत चर्चा की गई। प्रबंधन मंडल सदस्य आदित्येंद्र सेठिया ने भी विशेष बिंदुओं पर अपने सुझाव रखे।
बैंक अध्यक्ष डॉ. सेठिया ने शाखाओं में नए ऋण प्रस्तावों पर प्रतिस्पर्धात्मक न्यूनतम ब्याज दरों पर ऋण स्वीकृत करने के लिए अभियान पूर्व तैयारी के निर्देश दिए। बैठक का संचालन प्रबंध निदेशक वंदना वजीरानी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन उपाध्यक्ष शिवनारायण मानधना ने किया।