रतलाम। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्थापना दिवस की 100वीं वर्षगांठ पर संघ शताब्दी वर्ष का महापर्व 11 जनवरी को रतलाम जिले के ग्राम सरसी में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर सशक्त हिंदू समाज निर्माण के लिए हिंदू सम्मेलन की तैयारियाँ जोरों पर हैं। सरसी मंडल के अंतर्गत आने वाले गांव दृ सरसी, खेमाखेड़ी, खोखरा, सादाखेड़ी, पाताखेड़ी, चौरासी, बड़ायला, उदियाखेड़ी और डोडियाना में स्वयंसेवक घर-घर जाकर सभी हिंदू परिवारों को 11 जनवरी के कार्यक्रम में आमंत्रित कर रहे हैं।
कार्यक्रम की तैयारियाँ पिछले तीन सप्ताह से लगातार जारी हैं। सोशल मीडिया के माध्यम से भी अधिक से अधिक हिंदू समाज के कार्यकर्ताओं को इसमें शामिल होने की अपील की जा रही है। हिंदू महासम्मेलन का उद्देश्य हिंदू समाज में एकता, सांस्कृतिक चेतना और समरसता लाना है। इस आयोजन में भारत माता पूजन, सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ, प्रवचन और समरसता भोज जैसे कार्यक्रम शामिल होंगे। संघ के पदाधिकारी, संत और समाज के लोग बड़ी संख्या में इस भव्य आयोजन में उपस्थित रहेंगे।