नीमच। श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या महाविद्यालय नीमच में 5 जनवरी 2026 को छात्राओं के मानसिक स्वास्थ्य एवं सर्वांगीण विकास को लेकर एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले की प्रसिद्ध मनोचिकित्सक डॉ. स्वाती वधवा ने मानसिक स्वास्थ्य, जीवन कौशल एवं वेलनेस से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा कीं।
अपने व्याख्यान में डॉ. वधवा ने मानसिक स्वास्थ्य की अवधारणा, मनोविज्ञान की कार्यप्रणाली, मानव मस्तिष्क का कार्य तथा डोपामिन, सेरोटोनिन, एंडोर्फिन और ऑक्सीटोसिन जैसे हार्माेन्स की भूमिका पर सरल एवं व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से प्रकाश डाला। उन्होंने दैनिक जीवन की प्रभावी योजना, परीक्षा के दौरान तनाव प्रबंधन तथा आवश्यकता पड़ने पर सहायता लेने के महत्व पर भी विस्तार से जानकारी दी। उनके विचार छात्राओं के लिए प्रेरणादायक और उपयोगी सिद्ध हुए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. प्रतिभा कालानी ने की। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन डॉ. हिना हरित द्वारा किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्राएँ उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के अंत में आयोजित प्रश्नोत्तर सत्र में छात्राओं ने मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। महाविद्यालय परिवार ने अतिथि वक्ता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए ऐसे आयोजनों को छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक बताया।