खरगोन। नए साल की शुरुआत के साथ ही जिले में तापमान तेजी से नीचे गिरने लगा है। पिछले तीन दिनों से मौसम का मिजाज इस कदर बदला है कि शहर किसी हिल स्टेशन की तरह खुशनुमा बना हुआ है। सुबह से छाया कोहरा दोपहर 12 बजे तक जारी रहा। आसमान में बादल छाए रहने और कोहरे की धुंध से जहां मौसम सुहावना हो गया, वहीं वाहन चालको को परेशानियां भी झेलना पड़ी। दोपहर बाद भी सूरज की लुकाछिपी जारी रही। बहरहाल सुबह से शाम तक मौसम सर्द बना रहा।
दिनभर बादल छाए रहने ओर सर्द हवाएं चलने से गलन और ठिठुरन का एहसास होने लगा। लोग दिन में भी गर्म कपड़े पहनने के साथ ही अलावा का सहारा ले रहे है। मौसम विभाग ने भी आगामी दिनें में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह तक घना कोहरा छाया रहेगा और दिन का तापमान सामान्य से नीचे बना रहने की पूरी संभावना है।