मनासा। कड़ाके की ठंड के बीच नगर के चमत्कारी नारसिंह माता मंदिर परिसर में सनातन सत्संग मंडल द्वारा 68वां सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों सनातन धर्मावलंबियों की उपस्थिति रही। इस आयोजन के लाभार्थी स्वर्गीय मांगीलाल सोनी परिवार (आंतरी माताजी वाले) रहे।
सत्संग का शुभारंभ पंडित दिनेश बैरागी द्वारा सोनी परिवार के सदस्यों के साथ मां नारसिंह माता एवं भगवान हनुमान के चित्र पर पूजा-अर्चना व माल्यार्पण कर किया गया। सत्संग की शुरुआत माताजी के भजनों से हुई।
भजन प्रस्तुति में कमल विजयवर्गीय ने भादवा माता को समर्पित भजन प्रस्तुत किया। अशोक ने “चलो बुलावा आया है…” भजन गाकर माता के चरणों में अरदास की। राकेश शर्मा ने “सोना का झांझर बाजना मय्या…” भजन से वातावरण को भक्तिमय बनाया। विजय उपाध्याय ने “महादेव की हैं दोनों संतान…” भजन के माध्यम से हनुमान भक्ति का रस घोला। राजकुमार मारू ने “म्हारो बेड़ों पार लगा दीजो मां अंजनी का लाल…” भजन प्रस्तुत किया। वहीं ओम सोनी ने “जय जय हो तुम्हारी बजरंगबली…” सहित अन्य भजनों की प्रस्तुति दी। सत्यनारायण सोनी सहित अन्य श्रद्धालुओं ने भी भजनों से समां बांधा।
इसके पश्चात राजकुमार मारू के नेतृत्व में उपस्थित श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का सस्वर पाठ किया। “अब सौंप दिया इस जीवन का सब भार तुम्हारे हाथों…” भजन के साथ सत्संग का समापन हुआ।
इस अवसर पर सनातन सत्संग मंडल द्वारा गत रविवार को 165 गांवों से निकली श्रीराम प्रभात फेरी की ऐतिहासिक सफलता पर समस्त नगरवासियों का आभार व्यक्त किया गया। मंडल ने जानकारी दी कि अगला सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ सत्यनारायण मंदिर परिसर में आयोजित किया जाएगा।