शामगढ़। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में देशभर में शताब्दी वर्ष मनाया जा रहा है। इसी क्रम में शामगढ़ विकासखंड के शामगढ़ नगर में 11 जनवरी, रविवार को नगर की चार बस्तियों में हिंदू सम्मेलन एवं सहभोज (भंडारा-प्रसादी) का आयोजन किया जाएगा।
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि इन सम्मेलनों में नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से सर्व हिंदू समाज के लोग बड़ी संख्या में भाग लेंगे। सम्मेलन को सफल बनाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है तथा सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रतिदिन बैठकों का आयोजन किया जा रहा है।
समिति ने जानकारी दी कि 10 जनवरी की शाम नगर की सभी टोलियों की ओर से अपने-अपने घरों में दीप प्रज्वलन करने का आह्वान किया गया है। सम्मेलन की तैयारियों के लिए विभिन्न टोलियों का गठन कर कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
नगर में 11 जनवरी को प्रातः चार अलग-अलग स्थानों पर हिंदू सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे, जिनके साथ सहभोज (भंडारा) का आयोजन भी होगा। इसके अतिरिक्त प्रतिदिन विभिन्न बस्तियों में प्रभात फेरियां निकाली जा रही हैं, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष एवं बच्चे उत्साहपूर्वक सहभागिता कर रहे हैं।