नीमच। वैष्णव बैरागी समाज द्वारा प्रतिवर्षानुसार 9 जनवरी को जगतगुरु श्री रामानंदाचार्य जी की जयंती श्रद्धा एवं हर्षाेल्लास के साथ मनाई जाएगी। कार्यक्रम नीमच के टाउन हॉल में आयोजित किया जाएगा, जिसमें समाजजनों में उत्साह का माहौल है और तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 9 बजे भव्य शोभायात्रा से होगी, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए टाउन हॉल पहुँचेगी। इसमें संत-महात्मा, समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी, युवा वर्ग एवं मातृशक्ति बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
शोभायात्रा के उपरांत टाउन हॉल में धर्मसभा आयोजित की जाएगी। धर्मसभा में संतों के सान्निध्य में जगतगुरु रामानंदाचार्य जी के जीवन दर्शन, सामाजिक समरसता और भक्ति आंदोलन में उनके योगदान पर प्रकाश डाला जाएगा। इस अवसर पर पवन जी पाटीदार (प्रदेश अध्यक्ष, पिछड़ा मोर्चा), भाजपा जिलाध्यक्ष वन्दना जी खंडेलवाल, नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार और नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति जी चोपड़ा अपने उद्बोधन देंगे।
धर्मसभा के बाद समाजजनों एवं अतिथियों के लिए सहभोज का आयोजन किया जाएगा। आयोजन समिति के अनुसार नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में समाजबंधु इसमें भाग लेने की संभावना है।
वैष्णव बैरागी समाज ने समस्त समाजजनों एवं नगरवासियों से अपील की है कि वे इस पावन अवसर पर उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं।