देवरी खवासा। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर आयोजित होने जा रहे विश्व हिंदू सम्मेलन महासभा को ऐतिहासिक बनाने के उद्देश्य से ग्राम देवरी खवासा में युवाओं द्वारा व्यापक जनजागरण एवं जनसंपर्क अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान युवाओं ने गांव के प्रत्येक घर तक पहुंचकर ग्रामीणों से प्रत्यक्ष संवाद किया तथा सम्मेलन के उद्देश्य, महत्व एवं आयोजन को सफल बनाने को लेकर जानकारी दी। जनसंपर्क के माध्यम से अधिक से अधिक संख्या में सम्मेलन में सहभागिता करने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर युवाओं ने समाज की एकता, सांस्कृतिक चेतना एवं हिंदू समाज के संगठन को सशक्त बनाने पर जोर दिया। मनासा से माधव जी लढ़ा (मंडल पालक), विश्व हिंदू सम्मेलन महासभा के संयोजक अंबाराम गुर्जर, पहलाद धनगर, दिलीप नागदा सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने भी गांववासियों से संपर्क कर सम्मेलन को सफल बनाने की अपील की।
ग्रामीणों ने सम्मेलन के प्रति उत्साह व्यक्त करते हुए आयोजन को ऐतिहासिक बनाने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। जनसंपर्क अभियान के चलते गांव में विश्व हिंदू सम्मेलन को लेकर विशेष उत्साह एवं सकारात्मक माहौल देखने को मिला।