नीमच। निरंतर 20 वर्षों से मध्यप्रदेश के खरगोन जिले से राजस्थान के मेवाड़ क्षेत्र स्थित तीर्थ स्थल मंडफिया सांवरिया सेठ के दर्शन हेतु 1100 श्रद्धालुओं का जत्था प्रतिवर्ष जनवरी माह में साइकिल यात्रा पर निकलता है। यह यात्रा देश में सुख, शांति, अमन-चौन एवं सद्भावना की कामना के साथ प्रारंभ होकर 7 जनवरी को भगवान श्री सांवरिया सेठ के दरबार में संपन्न होती है।
अखिल भारतीय वनवासी कृषि ग्रामीण मजदूर संघ के जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर जायसवार के नेतृत्व में सांवरिया सेठ यात्रा पर जा रहे सभी श्रद्धालुओं का भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारियों एवं समाजसेवियों द्वारा सनातन धर्म के प्रतीक केसरिया दुपट्टा पहनाकर सम्मान किया गया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि यह यात्रा एक ऐतिहासिक एवं प्रेरणादायी यात्रा के रूप में जानी जाती है, जो खरगोन जिले से प्रारंभ होकर मंडफिया स्थित सांवरिया सेठ मंदिर में पूर्ण होती है। यात्रा के दौरान ट्रस्ट के माध्यम से श्रद्धालुओं को भोजन, चिकित्सा, विश्राम सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।
उन्होंने बताया कि यह यात्रा देश में शांति, सद्भावना बनाए रखने एवं सनातन धर्म के अनुयायियों को एकजुट करने की भावना से की जाती है। भारतीय मजदूर संघ एवं सनातन धर्म परिवार ने यात्रियों के इस पराक्रम की सराहना करते हुए उन्हें साधुवाद दिया।
इस अवसर पर अखिल भारतीय वनवासी कृषि ग्रामीण मजदूर संघ के जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर जायसवार, जिला संयोजक दुर्गा शंकर दशाणा (पार्षद), जिला सचिव मोहन यादव, विशाल राणा, लोकेश खरे, आकाश नागदा, चंद्रप्रकाश मोमूलालवानी, कालू लोधा सहित अनेक समाजसेवी उपस्थित रहे।