पिपलियामंडी। नगर पालिका परिषद द्वारा वार्ड क्रमांक- 3 में रेलवे ओवरब्रिज से चौपाटी रोड तक सड़क के मध्य डिवाइडर निर्माण के प्रस्ताव का स्थानीय दुकानदारों एवं रहवासियों ने विरोध किया है। वार्डवासियों ने इस संबंध में विधायक एवं उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा को आवेदन देकर प्रस्ताव को निरस्त किए जाने की मांग की है।
आवेदन में बताया गया है कि उक्त मार्ग पर डिवाइडर निर्माण की न तो नगर सौंदर्यीकरण की दृष्टि से आवश्यकता है और न ही यातायात व्यवस्था के लिहाज से यह उचित है। रेलवे ओवरब्रिज से चौपाटी रोड के बीच केवल दो बैंक स्थित हैं, जबकि इस मार्ग से उज्जैन, शाजापुर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले नागरिकों का नियमित आवागमन होता है। सड़क पर बैंक, एटीएम, डी-मार्ट, अस्पताल, ऑटो पार्ट्स एवं मैकेनिकल सेंटर जैसे कई व्यावसायिक प्रतिष्ठान मौजूद हैं, जिसके कारण भारी वाहनों सहित बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही बनी रहती है।
दुकानदारों का कहना है कि डिवाइडर निर्माण से वाहनों को यू-टर्न लेने में कठिनाई होगी, जिससे यातायात बाधित होगा और जाम की स्थिति उत्पन्न होगी। वर्तमान में भी ओवरब्रिज से आने-जाने वाले तथा चौपाटी क्षेत्र की ओर मुड़ने वाले वाहनों को मोड़ने में परेशानी होती है, जिसके चलते आए दिन ट्रैफिक जाम लगता है।
वार्डवासियों ने सुझाव दिया है कि यदि सड़क के दोनों ओर हाई-मास्ट लाइट लगाई जाएं तो प्रकाश व्यवस्था बेहतर होगी, शासन का अनावश्यक व्यय भी बचेगा और आमजन को सुविधा मिलेगी। इससे यातायात सुचारू रहेगा तथा दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।
स्थानीय दुकानदारों एवं रहवासियों ने व्यापारिक हितों और आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए डिवाइडर निर्माण के प्रस्ताव को निरस्त कर वर्तमान व्यवस्था को यथावत बनाए रखने की मांग की है।