नीमच। नीमच सर्राफा व्यापारी एसोसिएशन ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक नीमच को दो अलग-अलग ज्ञापन सौंपकर सर्राफा बाजार की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा व्यापारियों के विरुद्ध की जा रही असत्य व झूठी शिकायतों पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की।
एसोसिएशन ने ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया कि सर्राफा व्यापारियों के प्रतिष्ठानों एवं आवासों पर चोरी, लूट, डकैती तथा मारपीट की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है। साथ ही सोना-चांदी की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि के चलते अपराध की आशंका और अधिक बढ़ गई है। ऐसी स्थिति में नीमच के सर्राफा बाजार, पुस्तक बाजार एवं नया बाजार क्षेत्र में दिन व रात्रिकालीन नियमित पुलिस गश्त पुनः शुरू किए जाने की आवश्यकता जताई गई।
ज्ञापन में तिलक मार्ग पर अनियंत्रित रूप से दौड़ रहे लोडिंग वाहनों पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की गई। व्यापारियों ने बताया कि तेज गति और ओवरलोडिंग के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। विरोध करने पर वाहन चालक विवाद और मारपीट पर उतारू हो जाते हैं। हाल ही में एक टेम्पो चालक द्वारा सर्राफा व्यापारी की दुकान में वाहन चढ़ा देने की घटना का भी उल्लेख किया गया।
दूसरे ज्ञापन में एसोसिएशन ने सोना-चांदी के बढ़ते दामों की आड़ में गिरवी आभूषणों को लेकर व्यापारियों के खिलाफ की जा रही झूठी व निराधार शिकायतों पर कड़ा विरोध जताया। एसोसिएशन ने मांग की कि किसी भी शिकायत पर कार्रवाई से पूर्व फरियादी से आभूषण का वैध बिल, गिरवी से संबंधित लिखित करार, पावती अथवा ब्याज भुगतान की रसीद जैसे दस्तावेजों की प्रथमदृष्टया जांच अनिवार्य रूप से की जाए, ताकि निर्दाेष व्यापारियों को अनावश्यक रूप से प्रताड़ित न किया जाए।
एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि लेन-देन एवं करार से जुड़े विवाद सिविल न्यायालय के अधिकार क्षेत्र में आते हैं और ऐसे मामलों में बिना ठोस साक्ष्य के पुलिस कार्रवाई से व्यापारियों में भय का माहौल बन रहा है। ज्ञापन के माध्यम से निष्पक्ष एवं विधिसम्मत जांच सुनिश्चित करने के साथ-साथ सर्राफा व्यापारियों को सुरक्षा और सम्मान प्रदान करने की मांग की गई।