भाटखेड़ी। जटिया-जाटव समाज का सामूहिक विवाह सम्मेलन आगामी बसंत पंचमी, 23 जनवरी 2026 को आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम श्री राम जानकी मंदिर समिति भाटखेड़ी के तत्वाधान में महामाया भादवा माता परिसर स्थित आदित्यनाथ मारू धर्मशाला में होगा।
सम्मेलन की तैयारियों और व्यवस्थाओं पर चर्चा के लिए समाज के पदाधिकारियों और पंचों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पार्किंग, शुद्ध पेयजल, लाइट डेकोरेशन और टेंट व्यवस्था की जिम्मेदारी अलग-अलग पदाधिकारियों को सौंपी गई। सुरक्षा के लिए परिसर में सिक्योरिटी गार्ड तैनात रहेंगे और मेडिकल टीम भी मौजूद रहेगी।
समिति ने यह निर्णय लिया कि प्रत्येक जोड़े को गृहस्थी का आवश्यक सामान भेंट किया जाएगा, जिसमें एक बड़ी अलमारी, सोफा सेट, 101 बर्तनों का सेट, चांदी के आभूषण और विवाह पोशाकें शामिल हैं।
सम्मेलन को यादगार बनाने के लिए बैंड-बाजा, साउंड सिस्टम, वीडियो शूटिंग और फोटोग्राफी की उत्तम व्यवस्था की गई है। अतिथियों के लिए चाय-नाश्ता और शुद्ध सात्विक भोजन भी उपलब्ध रहेगा। बैठक में उपस्थित पंचों ने आयोजन की सफलता सुनिश्चित करने हेतु सुझाव दिए और सहयोग का संकल्प लिया।