सीतामऊ। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर ग्राम खेड़ा में गौअमृत सेवा समिति के तत्वावधान में 9 से 15 जनवरी 2026 तक श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन में प्रख्यात कथावाचक पं. मनोज महाराज जी दवे के श्रीमुख से प्रतिदिन दोपहर 12.15 बजे से सायं 4.30 बजे तक श्रीमद्भागवत कथा का रसपूर्ण वाचन किया जाएगा।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर शुक्रवार को गांव में श्रद्धा और उत्साह के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कथा स्थल गलियारा रोड, खेड़ा में प्रतिदिन श्रद्धालुओं की अच्छी उपस्थिति देखने को मिल रही है।
कथा का समापन 15 जनवरी 2026 को दोपहर 4 बजे महाप्रसादी के साथ किया जाएगा। समापन दिवस पर सामाजिक सरोकार को ध्यान में रखते हुए प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया जाएगा।
यह आयोजन श्री केशरीनंदन सुंदरकांड समिति एवं समस्त ग्रामवासी खेड़ा के सहयोग से संपन्न हो रहा है। आयोजकों ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण कर धर्मलाभ लेने की अपील की है।