चित्तौड़गढ़। न्युवोको विस्टास कॉर्प लिमिटेड, भारत की एक भरोसेमंद बिल्डिंग मटीरियल कंपनी, ने राजस्थान के निंबोल क्षेत्र में असंगठित राजमिस्त्री क्षेत्र को सशक्त बनाने के उद्देश्य से अपनी कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) पहल के अंतर्गत लोटोटी गांव में “न्युवो मेसन” राजमिस्त्री कौशल विकास कार्यक्रम की शुरुआत की है।
न्युवो मेसन दो माह का प्रशिक्षण कार्यक्रम है, जिसे मजदूरों के राजमिस्त्री कौशल को उन्नत करने, उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। कंपनी के निंबोल सीमेंट प्लांट के आसपास के गांवों से 50 प्रतिभागियों का एक बैच चयनित किया गया है।
कार्यक्रम के अंतर्गत टाइल राजमिस्त्री, फर्श एवं दीवार निर्माण से संबंधित लगभग 300 घंटे का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण सामग्री नेशनल स्किल्स क्वालिफिकेशन फ्रेमवर्क (NSQF) से संबद्ध है। कार्यक्रम को सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर प्रतिभागियों को नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (NSDC) द्वारा प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा।
प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन प्लांट हेड पवन रॉयल एवं नीरज आचार्य द्वारा लोटोटी गांव के सरपंच की उपस्थिति में अधिकारियों, राजमिस्त्री प्रशिक्षुओं एवं स्थानीय ग्रामीणों के बीच किया गया।
इस अवसर पर पवन रॉयल एवं नीरज आचार्य ने कहा कि न्युवो मेसन कार्यक्रम कौशल विकास और सामाजिक उत्तरदायित्व के माध्यम से समुदाय को सशक्त बनाने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। असंगठित क्षेत्र के युवाओं और मजदूरों को आवश्यक तकनीकी कौशल प्रदान कर हम उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने का प्रयास कर रहे हैं। प्रमाण-पत्र उनकी तकनीकी दक्षता का प्रमाण होगा, जिससे रोजगार की संभावनाएं बढ़ेंगी।
उल्लेखनीय है कि न्युवो मेसन कार्यक्रम न्युवोको विस्टास कॉर्प लिमिटेड द्वारा वित्तीय वर्ष 2022-23 में प्रारंभ किया गया था। यह वर्तमान में राजस्थान, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, हरियाणा और झारखंड में संचालित है। अब तक इस कार्यक्रम से महिलाओं सहित एक हजार से अधिक युवाओं को लाभ मिला है, जिससे उनकी आय में वृद्धि हुई है और वे समाज की मुख्यधारा से जुड़ सके हैं।