प्रतापगढ़। आज शहर में श्री 1008 श्री जगतगुरु रामानंदाचार्य प्रभु की शोभायात्रा श्रद्धा और भक्ति के साथ निकाली गई। उल्लेखनीय है कि पिछले तीन वर्षों से वैष्णव समाज द्वारा हर वर्ष रामानंद जयंती के अवसर पर यह शोभायात्रा आयोजित की जा रही है।
लेकिन इस बार भी जब शोभायात्रा नगर परिषद कार्यालय के सामने से गुज़री, तो नगर परिषद की ओर से किसी प्रकार का स्वागत या सम्मान नहीं किया गया, जिससे वैष्णव बैरागी समाज में गहरा रोष व्याप्त है।
वैष्णव समाज के अध्यक्ष गोपाल दास बैरागी ने कहा कि नगर परिषद अन्य समाजों की शोभायात्राओं का स्वागत करता है, जबकि वैष्णव समाज की लगातार उपेक्षा समझ से परे है। उनका कहना है कि यह रवैया समाज के प्रति भेदभाव और अनदेखी को दर्शाता है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में भी ऐसा रवैया जारी रहा, तो समाज को आंदोलनात्मक रुख अपनाना पड़ सकता है। समाज ने नगर परिषद से मांग की है कि सभी धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों में समान व्यवहार सुनिश्चित किया जाए और किसी प्रकार का भेदभाव न हो।