नीमच। नीमच जिला मुख्यालय के समीप स्थित कानाखेड़ा गांव के पंचमुखी बालाजी मंदिर के स्थापना दिवस के अवसर पर 7 जनवरी से 14 जनवरी तक श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। कथा का वाचन प्रसिद्ध कथावाचक पंडित सोमनाथ शर्मा के मुखारविंद से हो रहा है, जिससे भक्तों में भक्ति और श्रद्धा का विशेष वातावरण बना हुआ है।
मंदिर प्रांगण में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंच रहे हैं। मंदिर परिसर को सेवादारों द्वारा अत्यंत आकर्षक एवं भव्य रूप से सजाया गया है। आयोजन के दौरान अनेक साधु-संतों का आगमन भी लगातार हो रहा है।
कथा के साथ-साथ प्रतिदिन भोग-भंडारे का आयोजन भी श्रद्धालुओं के सहयोग से किया जा रहा है। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के साथ-साथ राजस्थान से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
स्थानीय श्रद्धालुओं के अनुसार, पंचमुखी बालाजी मंदिर अब केवल नीमच ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र में आस्था और भक्ति का प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है। आयोजन के दौरान कुछ विशिष्ट अतिथियों और नामी हस्तियों के आगमन की भी संभावना जताई जा रही है।