देवरी खवासा। ग्राम देवरी खवासा में युवा मित्र मंडल के तत्वावधान में प्रत्येक शनिवार को सामूहिक सुंदरकांड पाठ का नियमित आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन कभी मंदिर प्रांगण में तो कभी ग्रामवासियों के निवास पर श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हो रहा है, जिसमें ग्रामीण बड़ी संख्या में सहभागिता कर रहे हैं।
सामूहिक सुंदरकांड पाठ के दौरान भगवान श्रीराम एवं हनुमान जी की भक्ति से पूरा गांव राममय वातावरण में डूब जाता है। भजन-कीर्तन, जयकारों और सामूहिक आरती से गांव में आध्यात्मिक व सकारात्मक माहौल निर्मित हो रहा है। महिलाओं, पुरुषों, युवाओं और बच्चों की सक्रिय भागीदारी इस आयोजन को विशेष बना रही है।
युवा मित्र मंडल के सदस्यों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य गांव में आपसी एकता, सद्भाव और धार्मिक संस्कारों को सुदृढ़ करना है। नियमित आयोजन से गांव में सामाजिक समरसता और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो रहा है।
ग्रामीणों ने युवा मित्र मंडल की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से नई पीढ़ी में संस्कार विकसित होते हैं। देवरी खवासा में हर शनिवार होने वाला यह सामूहिक सुंदरकांड अब गांव की एक सुंदर धार्मिक परंपरा का रूप लेता जा रहा है।