शाजापुर। शैक्षिक एवं सामाजिक वेलफेयर सोसाइटी जिला शाजापुर के तत्वावधान में शिक्षिका सम्मान समारोह एवं कर्मवीर नारी सम्मान का ऐतिहासिक व भव्य आयोजन श्री मैरिज गार्डन, लौंदिया रोड शाजापुर में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सरदार वल्लभभाई पटेल सांदीपनि विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती सविता सोनी रहीं, जबकि अध्यक्षता युवा समाजसेवी नरेश ‘कप्तान’ ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ शिक्षिकाएं श्रीमती विनीता विश्वकर्मा, श्रीमती प्रेमलता कटारिया एवं श्रीमती सीमा सोनगरा उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ क्रांतिज्योति सावित्रीबाई फुले, राष्ट्रपिता ज्योतिबा फुले एवं संविधान शिल्पी डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से किया गया। इस अवसर पर 51 शिक्षिकाओं एवं कर्मवीर नारियों को स्मृति चिन्ह, अभिनंदन पत्र, पेन तथा पंचशील अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान से अभिभूत मातृशक्तियों ने आयोजन समिति के प्रति आभार व्यक्त किया।
समारोह में शिक्षिकाओं ने सावित्रीबाई फुले के शिक्षा-संकल्प को आगे बढ़ाने, बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने तथा समाज में शैक्षणिक जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। साथ ही आर्थिक व सामाजिक कारणों से शिक्षा से वंचित बच्चों को शासन की योजनाओं से जोड़ने हेतु सहयोग करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
वेलफेयर सोसाइटी ने भविष्य में जिला मुख्यालय पर और भी भव्य शिक्षिका सम्मान समारोह आयोजित करने तथा सभी वर्गों को जोड़कर जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को सहयोग प्रदान करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन सोसाइटी के संयोजक अंबाराम राजोरिया ने किया, जबकि आभार मनोहर सिंह कटारिया एवं सुनील कदम ने व्यक्त किया। समारोह में अनेक शिक्षाविद, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।