मनासा। जनपद पंचायत मनासा क्षेत्र के ग्राम आंतरी माता में मकर संक्रांति के पावन पर्व पर आयोजित होने वाले विशाल मेले की तैयारियाँ अंतिम चरण में पहुँच चुकी हैं। यह मेला 12 जनवरी 2026 से 17 जनवरी 2026 तक आयोजित किया जाएगा। मेले का आयोजन जनपद पंचायत मनासा एवं ग्राम पंचायत आंतरी बुजुर्ग के तत्वावधान में किया जा रहा है।
मेले को लेकर प्रशासन एवं आयोजन समिति द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियाँ की जा रही हैं। मेला परिसर में दुकानों के लिए भूखंड आवंटन, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन को सुव्यवस्थित किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं एवं व्यापारियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मनोरंजन के लिए मेले में रेट निर्धारित झूले एवं चकरी लगाए जा रहे हैं, जो बच्चों और युवाओं के लिए विशेष आकर्षण रहेंगे। इनमें चकरी, नाव झूला, ड्रैगन झूला सहित अन्य मनोरंजन साधन शामिल होंगे।
मेले के दौरान धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं भजन संध्या का आयोजन भी किया जाएगा। 16 जनवरी को प्रसिद्ध भजन गायक प्रीतम गुर्जर एवं उनकी टीम द्वारा विशेष भजन प्रस्तुति दी जाएगी, जिसमें माता के दरबार में भक्ति की गंगा बहेगी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से मेला व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। समिति का उद्देश्य मेला शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराना है।