नीमच। शेख़ सैयद मुग़ल पठान कमेटी नीमच द्वारा रविवार 11 जनवरी को शहर के टाउन हॉल में एक दिवसीय प्रतिभा सम्मान समारोह एवं मोटिवेशनल सेमिनार का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन करना तथा शिक्षा, स्वरोज़गार और सामाजिक उत्थान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आरएनटी कॉलेज कपासन के डायरेक्टर डॉ. वसीम खान रहे। अपने प्रेरणादायक संबोधन में उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में समाज को अभी और आगे बढ़ने की आवश्यकता है। उन्होंने युवाओं से केवल नौकरी की तलाश तक सीमित न रहकर स्वरोज़गार एवं उद्यमिता की ओर अग्रसर होने का आह्वान किया।
डॉ. खान ने कहा कि आज का समय स्टार्टअप और नवाचार का है। भारत संभावनाओं का देश है और युवाओं में अपार क्षमता है। यदि युवा आधुनिक सोच अपनाकर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ें, तो वे न केवल स्वयं बल्कि दूसरों को भी रोज़गार दे सकते हैं। उन्होंने देश के विकास में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम के दौरान अशरफ शेख़, असलम पठान, जावेद शेख़ एवं शोएब खान ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने शिक्षा को समाज की रीढ़ बताते हुए कहा कि शिक्षित समाज ही सशक्त राष्ट्र की नींव रखता है।
सम्मान समारोह में शिक्षा, खेल एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली कुल 71 प्रतिभाओं को शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मंच से सम्मान मिलने पर उपस्थितजनों ने तालियों के साथ प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन किया।
कमेटी के अध्यक्ष ज़ाहिद खान ने बताया कि शेख़ सैयद मुग़ल पठान कमेटी नीमच शिक्षा, स्वास्थ्य एवं रोज़गार जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि समाज को मुख्यधारा से जोड़ने और युवाओं को आगे बढ़ाने का यह प्रयास भविष्य में भी जारी रहेगा।
कार्यक्रम का संचालन अज़हर खान ने किया। अंत में अध्यक्ष ज़ाहिद खान ने सभी अतिथियों, वक्ताओं एवं उपस्थित समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर ताहिर शेख़, फ़ज़ल रेहमान, एडवोकेट नौशाद खान, मज़हर कुरैशी, कांग्रेस नेता अनिल चौरसिया, हुसैन कारपेंटर, फ़िरोज़ पठान, इक़बाल पठान, मौलाना नियाज़ निज़ामी, डॉ. मेहमूद खान, हनीफ पठान, शरीफ पठान, अकबर पठान सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।