मनासा। चेतना वांडर्स क्लब का भव्य मिलन समारोह मनासा विधानसभा क्षेत्र के भाटखेड़ी बुजुर्ग में उत्साह और संगठनात्मक ऊर्जा के साथ सम्पन्न हुआ। समारोह में आगामी राष्ट्रीय ओपन कबड्डी प्रतियोगिता को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, जिससे यह आयोजन क्षेत्र के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ने की ओर अग्रसर है।
मिलन समारोह में प्रतियोगिता के सफल आयोजन हेतु जिम्मेदारियाँ सुनिश्चित की गईं। महिला वर्ग की 20 टीमों तथा पुरुष वर्ग की 30 टीमों के लिए आवास व्यवस्था, टीमों के आवागमन, ऑफिशियल्स के ठहरने व आवागमन, खिलाड़ियों एवं ऑफिशियल्स के लिए भोजन व्यवस्था, पेयजल सुविधा, ग्राउंड व्यवस्था, मंच व्यवस्था सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की रूपरेखा तय की गई।
इसके साथ ही क्लब द्वारा सदस्यता अभियान को और अधिक गति देने का निर्णय लिया गया। प्रतियोगिता में महिला एवं पुरुष वर्ग के लिए आकर्षक पुरस्कारों की घोषणा की गई। महिला वर्ग में मैन ऑफ द सीरीज पुरस्कार के रूप में स्कूटी देने की घोषणा की गई, वहीं पुरुष वर्ग में मैन ऑफ द मैच एवं मैन ऑफ द सीरीज जैसे विशेष पुरस्कार भी घोषित किए गए।
प्रतियोगिता के लिए प्रथम पुरस्कार 2 लाख 51 हजार रुपये तथा द्वितीय पुरस्कार 1 लाख 51 हजार रुपये निर्धारित किया गया है। समारोह में अन्य कई महत्वपूर्ण घोषणाएँ भी की गईं।
आज आयोजित मिलन समारोह में लगभग 550 सदस्यों ने सहभागिता की। चेतना परिवार ने प्रतियोगिता में सहयोग देने वाले सभी महानुभावों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। आयोजन को फेडरेशन की स्वीकृति हेतु पत्र प्रेषित कर दिया गया है।
प्रतियोगिता का आयोजन आगामी अप्रैल–मई अथवा नवंबर–दिसंबर माह में प्रस्तावित है। इसी उद्देश्य को लेकर मिलन समारोह के माध्यम से एक सशक्त और सफल शुरुआत की गई।