भगवानपुरा। नगर स्थित शासकीय महाविद्यालय भगवानपुरा में स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर स्वामी विवेकानंद कैरियर प्रकोष्ठ व रासेयो के संयुक्त तत्वाधान में प्राचार्य डॉ प्रकाश सोलंकी के मार्गदर्शन में युवा दिवस पर सामूहिक सूर्य नमस्कार, रन फॉर स्वदेशी एवं व्याख्यान का आयोजन हुआ। प्राचार्य डॉ सोलंकी ने स्वामी विवेकानंद के फोटो पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित कर स्वामी विवेकानंद के योगदान को याद करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद ने हमेशा युवाओं को प्रेरित कर उन्हें अपने सपनों को पूरा करने के लिए जागरूक किया स्वामी विवेकानंद का योगदान न केवल भारत, बल्कि पूरी दुनिया के लिए अमूल्य है। उन्होंने युवाओं को अपनी ऊर्जा का सही दिशा में उपयोग करने की प्रेरणा दी और कहा कि उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य प्राप्त न कर लो। कार्यक्रम में महाविधालय के प्रशासनिक अधिकारी डॉ रजनी सोलंकी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के भारतीय संस्कृति पर गर्व करने के विचार हम सभी के लिए आज भी प्रासंगिक हैं। स्वस्थ शरीर और बौद्धिक बल ही युवाओं की असली पूंजी है। मुझे पूर्ण विश्वास है की युवा शक्ति अपने सामर्थ्य और बौद्धिक क्षमता के साथ विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में सहभागी बनेगी। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ सेवक चौहान, स्वामी विवेकानंद प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ शुभम जयसवाल, डॉ सुवालाल डावर, प्रो नरेश जमरे, डॉ रोहित पाटीदार, डॉ मनीष चौहान महाविद्यालय स्टाफ व विद्यार्थी उपस्थित रहे।