नीमच। शिव नंदी गौरक्षा सेवा समिति, नीमच द्वारा सर्व समाज के गौ रक्षकों एवं विशेष दानदाताओं के सहयोग से सोमवार सुबह गऊ नंदी सेवा धाम, स्टेशन रोड स्थित गौशाला एवं चौराहा क्षेत्र में गौ माता को गुड़ का दलिया वितरित किया गया।
आगामी मकर संक्रांति पर्व के पावन अवसर को ध्यान में रखते हुए गौसेवकों द्वारा पारंपरिक विधि से गुड़ और दलिये से बनी लापसी तैयार कर श्रद्धा एवं प्रेमपूर्वक गौ माता को खिलाई गई। इस अवसर पर गौशाला परिसर में धार्मिकता और सेवाभाव से परिपूर्ण वातावरण देखने को मिला।
गौशाला में वर्तमान में उपचाररत 100 से अधिक गौ माता एवं नंदी हैं, जिनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना भी की गई।
गौसेवक दीपक रघुवंशी एवं ललित पाटीदार ने जानकारी देते हुए बताया कि मकर संक्रांति के अवसर पर गौसेवा का विशेष धार्मिक महत्व है। इसी भावना के तहत समिति द्वारा यह सेवा कार्य किया गया, जिससे गौ माता को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जा सके और समाज में गौ संरक्षण एवं सेवा के प्रति जागरूकता बढ़े।
कार्यक्रम में समिति के पदाधिकारियों, गौसेवकों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। सभी ने गौ माता की सेवा कर पुण्य लाभ अर्जित किया।