नीमच। श्रीमद् भागवत गौशाला परिसर में चल रही श्रीमद् भागवत कथा के चौथे दिन भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कथा स्थल को भव्य रूप से सजाया गया तथा आकर्षक झांकियों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के जन्म प्रसंग का सजीव चित्रण किया गया।
यह धार्मिक आयोजन अग्रवाल परिवार के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें पंडित परशराम शर्मा (केलुखेड़ा वाले) के मुखारविंद से कथा वाचन हो रहा है। कथा के दौरान उन्होंने श्रीमद् भागवत के माध्यम से भगवान विष्णु द्वारा भक्तों की रक्षा के प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया। साथ ही भगवान राम से जुड़े प्रसंगों का भी उल्लेख किया गया।
जन्मोत्सव के अवसर पर भजन-कीर्तन एवं जयकारों से गौशाला परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर झांकियों के दर्शन किए और धर्मलाभ प्राप्त किया। आयोजन में भक्ति, अनुशासन और उल्लास का सुंदर समन्वय देखने को मिला।