नीमच। स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष्य में भाषण प्रतियोगिता एवं योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत, नीमच द्वारा जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) कॉलेज, नीमच में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डायट कॉलेज की प्राचार्या पुष्पांजलि तिवारी ने सरस्वती पूजन एवं स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। उन्होंने अपने संबोधन में युवाओं को राष्ट्रीय युवा दिवस के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज के युवाओं के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता, अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच अपनाने का आह्वान किया।
भाषण प्रतियोगिता में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में सुहानी बेरागी ने प्रथम, राजकुमार ने द्वितीय एवं टीना शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों को मेरा युवा भारत, नीमच की ओर से ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं संचालन डॉ. इन्द्रा लोहार ने किया। कार्यक्रम की सफलता में डायट कॉलेज के समस्त स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा। आभार प्रदर्शन मेरा युवा भारत के मनोज सुथार द्वारा किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला युवा अधिकारी सौरभ श्रीवास्तव के दिशा-निर्देशन में संपन्न हुआ।