नीमच। नगर पालिका द्वारा जीरन तहसील के ग्राम चीताखेड़ा में शहर का कचरा डालने के लिए प्रस्तावित ट्रेचिंग ग्राउंड का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। सोमवार को ग्राम सरपंच के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीण कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।
ग्रामीणों ने तहसीलदार अजेंद्रनाथ प्रजापत को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल के सामने प्रस्तावित ट्रेचिंग ग्राउंड निर्माण के निर्णय को तत्काल निरस्त किया जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि जिस स्थान पर नगर पालिका कचरा डालने की योजना बना रही है, उसके समीप ही शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल स्थित है, जहां आसपास के 10 से 12 गांवों के 500 से अधिक विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। यह विद्यालय बोर्ड परीक्षाओं का प्रमुख परीक्षा केंद्र भी है। कचरे से उठने वाली दुर्गंध और गंदगी से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य पर भी गंभीर असर पड़ेगा।
बीमारियां फैलने का खतरा-
ग्रामीणों ने बताया कि प्रस्तावित स्थल आबादी क्षेत्र से मात्र 500 से 700 मीटर की दूरी पर स्थित है, जिससे पूरे गांव में संक्रमण और बीमारियों के फैलने की आशंका बनी रहेगी। यह भूमि मुख्य मार्ग से जुड़ी हुई है और पास ही अंबा माता मंदिर स्थित है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। ट्रेचिंग ग्राउंड बनने से श्रद्धालुओं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि उक्त भूमि पूर्व में पुलिस चौकी के लिए प्रस्तावित थी। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि ट्रेचिंग ग्राउंड का निर्णय वापस नहीं लिया गया, तो समस्त ग्रामवासी उग्र आंदोलन एवं भूख हड़ताल करने को मजबूर होंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी नगर पालिका एवं जिला प्रशासन की होगी।