चित्तौड़गढ़। स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर विद्या निकेतन बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, गोलवलकर नगर की छात्राओं एवं नर्सरी के नन्हे विद्यार्थियों द्वारा भोईखेड़ा बस्ती में भव्य पथ संचलन निकाला गया।
प्रधानाचार्य ललिता कुंवर राठौड़ ने बताया कि पथ संचलन के शुभारंभ अवसर पर क्षेत्र कार्यवाहिका वंदना वजीरानी ने स्वामी विवेकानंद के प्रेरक जीवन को आत्मसात कर चरित्र निर्माण एवं भारतवर्ष का गौरव पुनः स्थापित करने का आह्वान किया। पूर्व सभापति सुशील शर्मा ने भगवा पताका दिखाकर पथ संचलन का शुभारंभ कराया। घोष वादन एवं भगवा पताकाओं के साथ निकले पथ संचलन का क्षेत्रीय पार्षद बालकिशन भोई एवं नगरवासियों द्वारा विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।
समापन सत्र में सेविका समिति प्रांत सह-बौद्धिक प्रमुख डॉ. सुशीला लड्ढा ने स्वामी विवेकानंद के संघर्षशील एवं प्रेरणादायी व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए संघ के शताब्दी वर्ष के पंच प्रण को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया। आरएसएस के अखिल भारतीय गोसेवा प्रमुख शंकरजी भाईसाहब ने बालिकाओं को सफल विद्यार्थी बनने के जीवन सूत्र बताते हुए उनका अनुसरण कर सफलता प्राप्त करने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर विद्या भारती जिला सचिव कैलाशचंद्र शर्मा, डॉ. धर्मनारायण भारद्वाज, मनोहर तोषनीवाल, कुंतल तोषनीवाल, सीमा मेहता, प्रेमलता महंत, विमला सेठिया, हर्षिता सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।