मनासा। जनपद पंचायत मनासा के अंतर्गत आने वाले ग्राम आत्री माता में मकर संक्रांति के पावन अवसर पर वर्षों से निरंतर आयोजित होने वाले पारंपरिक मेले का भव्य शुभारंभ किया गया। यह मेला सात दिनों तक श्रद्धा, उत्साह और ग्रामीण संस्कृति की झलक के साथ आयोजित होगा।
मेले का शुभारंभ विधायक प्रतिनिधि प्रद्युम्न मारू,(लालू काका) मंडल अध्यक्षमुकेश दांगी, विधायक प्रतिनिधि कमल दांगी, जनपद उपाध्यक्ष मोहनलाल गुर्जर, नंद किशोर पोरवाल, सरपंच विष्नु प्रसाद मेघवाल, उपसरपंच अवधेश राठोड़, डॉ. अमर सिंह रावत, भौनीराम (प्रतिनिधि जनपद पंचायत), सचिन एवं सुंदरलाल गुर्जर द्वारा संयुक्त रूप से कर कमलों से किया गया।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने कहा कि आत्री माता में लगने वाला यह मेला न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि ग्रामीण संस्कृति, आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता को भी मजबूत करता है। मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
मेले के शुभारंभ पर बड़ी संख्या में ग्रामीणजन व श्रद्धालु उपस्थित रहे और सभी ने आयोजन की सराहना करते हुए मेले की सफलता की कामना की।