नीमच। स्वामी विवेकानंद जयंती एवं राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर भारत विकास परिषद सुभाष शाखा, नीमच द्वारा फ्यूचर ब्राइट पब्लिक स्कूल, नीमच सिटी में एक प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को स्वामी विवेकानंद जी के विचारों से जोड़ते हुए उनमें राष्ट्र निर्माण की भावना जागृत करना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पवन पाटीदार, अध्यक्ष, मध्यप्रदेश भाजपा पिछड़ा मोर्चा रहे। विशेष अतिथि के रूप में प्रदीप चोपड़ा, सेंट्रल रीजनल सेवा सचिव, मध्य भारत पश्चिम प्रांत तथा डॉ. संजय जोशी, प्रोफेसर, पीजी कॉलेज नीमच उपस्थित रहे। अतिथियों ने अपने संबोधन में स्वामी विवेकानंद जी के आदर्शों को आज के युवाओं के लिए अत्यंत प्रासंगिक बताते हुए आत्मविश्वास, अनुशासन एवं सेवा भाव को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।
भारत विकास परिषद सुभाष शाखा के अध्यक्ष ललित राठी ने विद्यार्थियों से स्वामी विवेकानंद जी के सिद्धांतों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। इस अवसर पर परिषद द्वारा विद्यालय के लगभग 400 विद्यार्थियों को पेन वितरित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान मास्टर फिल्म के निर्माता-निर्देशक राजेश कुमार सोलंकी की उपस्थिति में उनकी निर्माणाधीन फिल्म का अतिथियों द्वारा विमोचन किया गया, जो कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा।
इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या नीलम किलोरिया, उमेश किलोरिया, राकेश खंडेलवाल, सुरेश बंसल, राजेश परवाल, अरविंद ढींगरा, सुरेश शर्मा सहित परिषद के सदस्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में शाखा सचिव मनीष गर्ग ने सभी अतिथियों एवं सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।