प्रतापगढ़। थाना क्षेत्र पीपलखूंट के चिखली गांव में सोमवार शाम करीब 7.30 बजे मीरा पत्नी धनजी के कवेलू-पोश मकान में शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आकर 6 बकरियां और 1 भैंस जिंदा जल गई, वहीं घर में रखा लगभग 3 क्विंटल अनाज भी राख हो गया। अनुमानित नुकसान 25 हजार रुपये से अधिक बताया जा रहा है।
ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र में फायर ब्रिगेड की सुविधा न होने के कारण आग पर समय पर काबू नहीं पाया जा सका। यदि दमकल समय पर पहुंचती, तो पशुधन और अनाज को बचाया जा सकता था।
घटना के बाद ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने तहसील स्तर पर फायर ब्रिगेड की स्थायी व्यवस्था करने की मांग उठाई। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल राहत और मुआवजा देने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए दमकल सेवा की व्यवस्था शीघ्र शुरू करने का अनुरोध किया।