नीमच। सैफी क्लिनिक, नीमच द्वारा श्री कृष्णा हॉस्पिटल के सहयोग से हाई स्कूल के पास स्थित सैफी क्लिनिक परिसर में निःशुल्क हड्डी रोग जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में शहर एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीजों ने भाग लेकर हड्डी, जोड़ एवं फ्रैक्चर संबंधी समस्याओं पर विशेषज्ञ परामर्श प्राप्त किया।
सैफी क्लिनिक के कोऑर्डिनेटर हातिम ईज़ी ने बताया कि शिविर में ऑर्थाेपेडिक विशेषज्ञ डॉ. मनीष पाटीदार (एमबीबीएस, एमएस ऑर्थाे) ने घुटनों के दर्द, पीठ दर्द, कंधे एवं गर्दन की जकड़न, फ्रैक्चर, चोट एवं जोड़ रोगों की जांच कर मरीजों को उचित परामर्श एवं उपचार संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया।
शिविर के दौरान मरीजों को हड्डियों के स्वास्थ्य, आवश्यक सावधानियों एवं जीवनशैली में सुधार से जुड़ी जानकारी भी दी गई। आयोजकों ने बताया कि सैफी क्लिनिक द्वारा समय-समय पर विभिन्न रोगों से संबंधित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाता है और भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि आमजन को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं अपने शहर में ही उपलब्ध हो सकें।