चित्तौड़गढ़। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में गत एक माह के दौरान शिवसेना द्वारा सात लावारिस शवों का हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार अंतिम संस्कार किया गया। इनमें एक साधु, एक अधेड़ एवं पांच वृद्धजन शामिल थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चित्तौड़गढ़ शहर कोतवाली थाना क्षेत्र में एक वृद्ध, चंदेरिया थाना क्षेत्र में एक वृद्ध तथा वृद्धाश्रम में निवासरत एक अधेड़ व्यक्ति की बीमारी के दौरान मृत्यु हो गई। इसी प्रकार सदर थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग एवं एक साधु, जबकि मंडफिया एवं मंगलवाड़ थाना क्षेत्रों में एक-एक वृद्ध व्यक्ति की मृत्यु हुई।
संबंधित थाना पुलिस द्वारा सभी मृतकों का पोस्टमार्टम करवाने के पश्चात अंतिम संस्कार हेतु शिवसेना जिला प्रमुख गोपाल वेद को मौके पर बुलाकर शव सुपुर्द किए गए। इसके बाद भारत विकास परिषद के सहयोग से शहर स्थित मोक्षधाम में सभी शवों का हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार अंतिम संस्कार किया गया तथा मृत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई।
अंतिम संस्कार के दौरान भारत विकास परिषद के अध्यक्ष महेश नुवाल, सचिव बृजेश मोदानी, कन्हैयालाल देवपुरा, इनरव्हील क्लब की ऋतु भोजवानी, राजेश ईनाणी, भेरूलाल शर्मा, मातेश्वरी गो कृपा संस्था से पुष्कर नराणिया, इस्माईल भाई, समाजसेवी हेमंत भट्ट, पार्षद अनिल ईनाणी, आनंदी लाल जैन, अनुराग जिंदल, पार्षद हरीश ईनाणी, शिवलाल माली, बालूलाल मीणा, किशन ओड़ सहित अन्य लोगों का सहयोग रहा।