नीमच। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर श्री अग्रवाल पंचायत भवन समिति एवं अग्रवाल समाज नीमच द्वारा जनस्वास्थ्य एवं मानव सेवा के उद्देश्य से एक सराहनीय पहल की गई। अग्रवाल पंचायत भवन बारादरी के प्रवेश द्वार पर आयोजित इस सेवा अभियान में 2007 राहगीरों एवं नागरिकों को निःशुल्क आयुर्वेदिक काढ़ा वितरित किया गया।
रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने हेतु तैयार यह विशेष काढ़ा पुष्कर सेवा संस्थान, सेक्टर-5, हिरणमगरी (उदयपुर) के प्रतिनिधि लोकपाल सिंह राठौड़ द्वारा तज, बालछड़, देवदारु, अपामार्ग जड़, अमृता, पीपर, वासा, विभीतकी, हरितकी, भूमि आंवला, अश्वगंधा, मुलेठी, नीम, तुलसी, काली मिर्च एवं अदरक सहित अनेक आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियों से तैयार किया गया।
इस अवसर पर अग्रवाल समाज नीमच के अध्यक्ष ओमप्रकाश बंसल, अग्रवाल पंचायत भवन बारादरी के अध्यक्ष प्रकाश गर्ग सहित समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से मकर संक्रांति के पर्व पर “स्वस्थ समाज, सशक्त समाज” का संदेश दिया गया और सेवा व सामाजिक दायित्व का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया गया।