मनासा। देवरी खवासा में आयोजित विश्व हिंदू सम्मेलन बड़े ही उत्साह, गरिमा और ऐतिहासिक वातावरण के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रमुख अतिथि पंडित गोविंद उपाध्याय (निवासी मनासा) ने सहभागिता की। पंडित गोविंद उपाध्याय प्रसिद्ध भागवताचार्य, प्रांत कथावाचक प्रमुख एवं पुजारी संघ के जिला अध्यक्ष हैं।
विशिष्ट अतिथि के रूप में कांत मुडोतिया (निवासी नीमच), जिला सह शारीरिक शिक्षण प्रमुख, सम्मेलन में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भारत माता की प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित कर विधिवत रूप से किया गया। इसके पश्चात सम्मेलन में देवरी खवासा, कवास, बड़कुआ सहित आसपास के अनेक गांवों से आए समस्त ग्रामवासियों एवं बाहर से पधारे अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
सम्मेलन में समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से सहभोज का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की। प्रवक्ताओं ने अपने ओजस्वी विचारों से सनातन धर्म, संस्कृति, राष्ट्रभाव और सामाजिक एकता पर विस्तार से प्रकाश डाला, जिससे उपस्थित जनसमूह प्रेरित और जागरूक हुआ।
आयोजकों एवं ग्रामीणों के सामूहिक प्रयास से यह विश्व हिंदू सम्मेलन ऐतिहासिक, प्रेरणादायी एवं सफल सिद्ध हुआ, जिसने क्षेत्र में सनातन चेतना और सामाजिक समरसता का सशक्त संदेश दिया।