सरवानियां महाराज। शहर में बीते शनिवार-रविवार की रात्रि एक सनसनीखेज चोरी की घटना सामने आई थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोरों ने घात लगाकर एक घर को निशाना बनाया, जबकि परिवार गहरी नींद में सो रहा था। इसी दौरान घर की 42 वर्षीय महिला लीलाबाई रेगर लघुशंका के लिए उठकर शौचालय की ओर गईं, तभी पहले से घात लगाए नकाबपोश चोरों ने चाकू दिखाकर धमकाया और घर की बखारी से सोना, चांदी व नगदी चोरी कर फरार हो गए।
घटना की जानकारी सोमवार सुबह करीब 10 बजे पुलिस को मिलने पर पुलिस सतर्क हुई और मौके पर पहुंचकर निरीक्षण कर जांच प्रारंभ की गई। टीआई सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया तथा घर के सदस्यों से पूछताछ एवं मोबाइल कॉल डिटेल की जांच भी की जा रही थी।
इसी बीच बुधवार को मामले में नया मोड़ तब आया, जब फरियादी पक्ष ने पुलिस चौकी पहुंचकर बताया कि उनके सोने-चांदी के आभूषण एवं नगदी राशि घर में ही बखारी में मिल गई है, और वे अब किसी प्रकार की पुलिस कार्रवाई नहीं चाहते।
पुलिस चौकी प्रभारी निलेश सोलंकी ने बताया कि प्रारंभ से ही घटना की कहानी संदिग्ध प्रतीत हो रही थी, बावजूद इसके पुलिस ने पूरी गंभीरता से जांच की। बाद में फरियादी के पति बगदीराम मोतीलाल रेगर ने लिखित आवेदन देकर बताया कि सभी गहने और नगदी मिल चुके हैं, अतः वे किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं चाहते।