मनासा। जनपद पंचायत मनासा अंतर्गत ग्राम खेड़ी में मकर संक्रांति के पावन अवसर पर मां खाखरे वाली के दरबार तक चौथी भव्य चुनर यात्रा श्रद्धा एवं उत्साह के साथ निकाली गई। यह आयोजन ग्राम के समस्त गुर्जर परिवारों के सहयोग से संपन्न हुआ।
यात्रा में 51 फीट लंबी चुनर को डीजे एवं ढोल-नगाड़ों के साथ गांव के प्रमुख मार्गों से होते हुए मां खाखरे वाली मंदिर तक ले जाया गया। इस दौरान श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते-नाचते रहे तथा माता के जयकारों से संपूर्ण गांव का वातावरण भक्तिमय हो गया।
मंदिर परिसर में पहुंचने पर विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती की गई तथा मां खाखरे वाली को चुनर अर्पित की गई। इसके पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसादी का वितरण किया गया।
चुनर यात्रा में गांव की महिलाएं, बालक-बालिकाएं एवं वरिष्ठजन बड़ी संख्या में शामिल हुए और श्रद्धाभाव के साथ मां खाखरे वाली के दरबार में हाजिरी लगाई।
आयोजकों ने बताया कि यह चुनर यात्रा लगातार चौथी बार निकाली गई है तथा आगामी वर्षों में भी इसे इसी प्रकार श्रद्धा एवं भव्यता के साथ आयोजित किया जाता रहेगा।