नीमच। मकर संक्रांति के पावन पर्व पर नीमच की सामाजिक संस्था अली फाउंडेशन ने सेवा, समर्पण एवं सामाजिक एकता का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया। अंबेडकर मार्ग पर आयोजित दरिद्र नारायणों के लिए भंडारे में सैकड़ों जरूरतमंदों को सर्व समाज के सहयोग से सम्मानपूर्वक भोजन प्रसादी कराई गई, जिससे पर्व की वास्तविक भावना साकार होती दिखाई दी।
उल्लेखनीय है कि अली फाउंडेशन द्वारा यह सेवा आयोजन लगातार पांचवें वर्ष किया गया, जो संस्था की निरंतर सेवा परंपरा एवं सामाजिक दायित्वों के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। आयोजन की विशेषता यह रही कि यहां भोजन केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि स्नेह, संवेदना और अपनत्व के साथ परोसा गया। शुद्ध, स्वादिष्ट एवं पौष्टिक भोजन ने जरूरतमंदों के चेहरों पर संतोष एवं मुस्कान बिखेर दी।
इस सेवा महायज्ञ में अली फाउंडेशन के पदाधिकारियों के साथ-साथ सर्व समाज के संभ्रांत नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता की। सभी ने मिलकर परोसगारी करते हुए यह संदेश दिया कि सेवा की कोई सीमा, वर्ग या भेद नहीं होता। आयोजन स्थल पर सामाजिक सौहार्द और भाईचारे का अनुपम दृश्य देखने को मिला।
अली फाउंडेशन के इस सेवा आयोजन की शहरभर में सराहना की जा रही है। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर किया गया यह प्रयास नीमच की गंगा-जमुनी तहज़ीब एवं सामाजिक एकता का सशक्त प्रतीक बनकर उभरा है।